राजकुमार भगत
पाकुड़। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने जिले में समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ किया। राजापाड़ा स्थित राजवाड़ी परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला में अभियान को लेकर मंडल और बूथ स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के साथ संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने की। इस दौरान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीरा प्रवीण सिंह, दुर्गा मरांडी समेत जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में 29 जुलाई से 20 फरवरी तक चलने वाले अभियान के दौरान सामाजिक समरसता, सद्भाव और संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, सामाजिक न्याय, मानवता और समरसता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संत रविदास के विचारों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और जनभागीदारी के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि समरसता संकल्प अभियान का उद्देश्य सामाजिक भेदभाव को दूर कर आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करना है। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री रूपेश भगत ने किया।






