महेशपुर (पाकुड़)। जनता की समस्या सामने आई तो समाधान के लिए इंतजार नहीं किया। झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी ने बड़कियारी पंचायत के अढ़ौल गांव स्थित मोहली टोला की करीब 500 मीटर जर्जर सड़क की समस्या का अपने स्तर से तत्काल समाधान शुरू कराया। उनके प्रयास से सड़क पर डस्ट डालकर उसे समतल करने का काम चल रहा है। लंबे समय से बदहाल इस सड़क पर बरसात में जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ जमा हो जाता था। इससे स्कूली बच्चों, महिलाओं, किसानों और मरीजों को आवागमन में परेशानी होती थी। ग्रामीणों की समस्या की जानकारी झामुमो कार्यकर्ता अनिल मरांडी और पतरास मरांडी ने उपासना मरांडी को दी। जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल डस्ट उपलब्ध कराया और सड़क मरम्मत का काम शुरू कराया। काम शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी है। ग्रामीणों ने कहा कि उपासना मरांडी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनती हैं और जरूरत पड़ने पर तत्काल मदद के लिए आगे आती हैं। उपासना मरांडी ने कहा कि जनता की बुनियादी समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए वे लगातार प्रयास करती रहेंगी।







