राजकुमार भगत
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जयंती के अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया, परियोजना निदेशक, आईटीडीए अरुण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, विशेष कार्य पदाधिकारी विकास कुमार त्रिवेदी,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार, प्रशासक,नगर परिषद राजकमल मिश्रा, पाकुड़ एसडीपीओ डीएन आजाद एवं जिले के अन्य वरीय पदाधिकारियों ने गांधी चौक पर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि हम सभी को स्वच्छता के प्रति सभी को जागरूक करते हुए साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखें। हमारे शहर व गाँव को स्वच्छ बनाने में आप सभी का योगदान आपेक्षित है। आगे उपायुक्त ने कहा कि बापू के द्वारा दिखाये गये मार्ग पर हमें चलने की आवश्यकता है। उनके अहिंसा, सद्भावना, सहअस्तित्व एवं आपसी सहयोग के विचार हमेशा हमारे लिए प्रासंगिक रहेंगे। वे आजीवन सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलें। उनके इस सिद्धांत को पूरी दुनिया ने अपनाया है। यही वजह है कि उनके जन्मदिवस को पूरे विश्व में अन्तर्राष्ट्रीय अंहिसा दिवस के रूप में मनाया जाता है। उनके विचारों का पालन कर हीं हम एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। वे देश के लिए एक समृद्ध विरासत छोड़ गये हैं और हमें उनके आदर्शों का अनुकरण करना चाहिये। उनका जीवन हम सभी के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने अपने जीवन में हमेशा सादा जीवन और उच्च विचार को जगह दी। भले हीं वे आज हमारे बीच न हों, लेकिन उनके विचारों और आदर्शों का अनुकरण हम सब आज भी करने का प्रयास कर रहे हैं।







