पाकुड़। श्रावण मास के दूसरे सोमवार को पाकुड़ शहर सहित आसपास के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतार लग गई। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर गंगाजल, दूध, बेलपत्र, पुष्प व अन्य पूजन सामग्री अर्पित की और परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। शहर के भगतपाड़ा शिव मंदिर, कोटेश्वर नाथ मंदिर, त्रिलोकेश धाम, महाकाल मंदिर और रेलवे कॉलोनी शिव मंदिर समेत विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे भगवान शिव के दर्शन व पूजन के लिए पहुंचे। कई श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। श्रावण सोमवार को लेकर शिवालयों में पहले से ही विशेष तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। मंदिर परिसरों की साफ-सफाई के साथ सजावट की गई थी। भगतपाड़ा स्थित शिव मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर समितियों की ओर से पूजा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए। सुबह से देर तक मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। घंटियों की गूंज, मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयकारों से शहर का माहौल पूरी तरह शिवमय बना रहा।








