डीपीएम स्कूल में स्व. डॉ. सुहासिनी बेसरा की द्वितीय पुण्यतिथि पर मना संस्थापक दिवस, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां।
पाकुड़िया (पाकुड़)। खैराकांदर स्थित डिवाइन प्रोविडेंस मिशन (डीपीएम) स्कूल में शुक्रवार को विद्यालय की संस्थापिका एवं महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी की धर्मपत्नी स्व. डॉ. सुहासिनी बेसरा की द्वितीय पुण्यतिथि पर द्वितीय संस्थापक दिवस श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक चेतना के संदेश के साथ विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर एवं स्व. डॉ. सुहासिनी बेसरा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, लोकनृत्य, प्रेरणादायी नाटक, कविता और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने समारोह को यादगार बना दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि स्व. डॉ. सुहासिनी बेसरा का जीवन शिक्षा, समाज सेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। उनका मानना था कि शिक्षा ही गरीबी, पिछड़ेपन, अशिक्षा और सामाजिक अंधकार को दूर करने का सबसे प्रभावी हथियार है। इसी विचार को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से डीपीएम स्कूल की स्थापना की गई। आज विद्यालय के विद्यार्थी शिक्षा के साथ कला, संस्कृति और व्यक्तित्व विकास के क्षेत्र में जिस तरह आगे बढ़ रहे हैं, वह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी महानगरों के समान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विद्यालय प्रबंधन लगातार प्रयासरत है। विद्यालय की निदेशक उपासना मरांडी ने कहा कि डीपीएम स्कूल का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें कला, संगीत, नृत्य, नाटक, अभिनय, नैतिक मूल्यों और अंग्रेजी भाषा में भी दक्ष बनाना है। विद्यालय के विद्यार्थियों में ऐसा आत्मविश्वास विकसित करना लक्ष्य है, जिससे वे देश के किसी भी बड़े शहर के विद्यार्थियों के साथ समान क्षमता और आत्मविश्वास से प्रतिस्पर्धा कर सकें। मुख्य अतिथि एसडीपीओ विजय कुमार ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार देने की डीपीएम स्कूल की परंपरा अनुकरणीय है। स्व. डॉ. सुहासिनी बेसरा का शिक्षा के प्रति समर्पण और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
मौके पर पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, सीएचसी प्रभारी भरत भूषण भगत, महेशपुर बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव, अंचल अधिकारी संजय सिन्हा, झामुमो जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम, वरीय जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली एवं हरिवंश चौबे, जिला संगठन सचिव अनारुद्दीन मियां, जिला सचिव माईकिल मुर्मू, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रूहुल अमीन, सांसद प्रतिनिधि कुणाल अल्फ्रेड हेम्ब्रम सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विद्यालय परिवार, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। समारोह के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों के प्रति आभार जताया और स्व. डॉ. सुहासिनी बेसरा के शिक्षा एवं समाज सेवा के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। समारोह ने यह संदेश दिया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार और सामाजिक चेतना के समन्वय से ही एक सशक्त और विकसित समाज का निर्माण संभव है।






Related Posts

राधा गोविन्द विश्वविद्यालय में भारतीय ज्ञान परंपरा एवं संस्कृत उत्थान विषय पर भव्य संगोष्ठी का हुआ आयोजन






