Search

May 11, 2026 8:28 pm

भाजपा की संगठनात्मक बैठक संपन्न, बिजली-पानी संकट पर 12 मई को धरना प्रदर्शन।

पाकुड़: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला इकाई पाकुड़ की संगठनात्मक बैठक सोमवार को जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू की अध्यक्षता में अपर्णा मार्केट कॉम्प्लेक्स में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश मंत्री कृष्णा महतो प्रभारी के रूप में शामिल हुए। साथ ही प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनुग्राहित प्रसाद साह, मीरा प्रवीण सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय, पूर्व प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी और जिला महामंत्री साधन झा समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत नव मनोनीत मंडल अध्यक्षों और जिला पदाधिकारियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित करने के साथ हुई। इसके बाद संगठन को मंडल स्तर तक मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने और जनहित के मुद्दों पर आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
वरिष्ठ नेता अनुग्राहित प्रसाद साह ने बताया कि 12 मई को जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। बिजली कटौती और पानी की समस्या को लेकर रेलवे मैदान से समाहरणालय तक विरोध मार्च निकाला जाएगा, जिसमें जिले भर के सभी मंडलों से सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस दौरान राज्य सरकार के खिलाफ ‘मटका प्रदर्शन’ भी किया जाएगा। बैठक में मई माह में प्रस्तावित जिला प्रशिक्षण वर्ग को सफल बनाने के लिए विस्तृत योजना तैयार की गई। सभी मंडलों में बैठक कर शक्ति केंद्र और बूथ समितियों की तिथि निर्धारित करने का निर्णय लिया गया।
प्रभारी कृष्णा महतो ने मतदाता गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान पर जोर देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और फर्जी नामों को जोड़ा न जाए। साथ ही विधानसभा स्तर पर बीएलए-2 कार्यशालाएं आयोजित करने की योजना भी बनाई गई, जिसे दो चरणों में संपन्न किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री रूपेश भगत ने किया। बैठक में जिला उपाध्यक्ष, मंत्री, कोषाध्यक्ष, कार्यालय मंत्री, जिला परिषद सदस्य सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!