Search

August 7, 2026 2:23 pm

8-9 अगस्त को हर बूथ पर विशेष शिविर, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका।

18 साल की उम्र पूरी कर चुके या 1 अक्टूबर तक 18 होने वाले पात्र नागरिक भरें फॉर्म-6, परिवार के नाम एक बूथ पर कराने के लिए फॉर्म-8

पाकुड़। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 8 और 9 अगस्त को विशेष शिविर लगाए जाएंगे। शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने पात्र नागरिकों से शिविर में पहुंचकर मतदाता सूची में अपने नाम और विवरण की जांच करने की अपील की है। 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके या 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष के होने वाले और झारखंड के किसी मतदान क्षेत्र के सामान्य निवासी पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। वहीं, जिन मतदाताओं का बूथ घर से दूर है या परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग बूथों पर दर्ज हैं, वे फॉर्म-8 के जरिए नजदीकी एक ही मतदान केंद्र पर नाम स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

विदेशी नागरिक आवेदन न करें

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि SIR की प्रक्रिया केवल पात्र भारतीय नागरिकों के लिए है। कोई भी विदेशी नागरिक SIR प्रक्रिया में भाग न ले और आवेदन न करे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नागरिकों का सहयोग जरूरी है। मतदाता ECINET App या voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं। विशेष शिविरों में बूथ लेवल अधिकारी लोगों को फॉर्म भरने और आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी देंगे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!