Search

September 26, 2026 3:52 pm

‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजा पाकुड़ स्टेशन, भगवा रंग में रंगा प्लेटफॉर्म।

पाकुड़। सावन की आस्था अपने चरम पर है। दूसरे सोमवार को भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए रविवार को पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ी। स्टेशन का प्लेटफॉर्म नंबर एक केसरिया वस्त्रधारी शिवभक्तों और कांवरियों से पटा नजर आया। हाथों में कांवर और जुबां पर ‘बोल बम’ व ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा स्टेशन परिसर भक्तिमय हो उठा।
दूर-दराज से पहुंचे कांवरियों के जत्थे ट्रेन से सुल्तानगंज के लिए रवाना हुए। वहां उत्तरवाहिनी गंगा से गंगाजल भरने के बाद कांवरिया पैदल देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे। यात्रा को लेकर कांवरियों में उत्साह और श्रद्धा देखते ही बन रही थी।
इधर, पाकुड़ से बड़ी संख्या में कांवरियों के जत्थे शिवगादी धाम और मोतीझरना के लिए भी रवाना हुए। रविवार को स्टेशन पर उमड़ी भीड़ और गूंजते जयघोष ने सावन की भक्ति और आस्था का जीवंत दृश्य प्रस्तुत किया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!