अमर भगत
पाकुड़। अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में 7 जून 2024 को दो चचेरी बहनों के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वालो आरोपियों की अबतक गिरफ्तारी ना होने से आदिवासी संगठन आंदोलन करने का मूड बना रहा है। घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी बलात्कारियों को पुलिस गिरफ्तार करने में नाकाम साबित रही है।पीड़ित परिवार भयभीत है। कहीं बलात्कारी रात के अंधेरे में आ कर पीड़ित परिवार पर हमला न कर दें इसलिए रात में भी घर पर नहीं सो रहे हैं। रविवार को देर शाम पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे ऐसीजे सामाजिक संगठन के युवा प्रो. निर्मल मुर्मू, बाबूधन टुडू, इकरामुल अंसारी, महातन मुर्मू,राजू मुर्मू,छोटो हांसदा,इग्नाशियस मराण्डी, कोर्नेलियस मराण्डी आदि ने परिवार वालो को सहयोग करने का भरोसा दिया है। पीड़ित परिवार को दुख की घड़ी में हर संभव मदद की आश्वासन देने के बाद युवाओं ने ग्रामीणों के साथ मिलकर बलात्कारियों को अभिलंब गिरफ्तार करने, पीड़ित परिवार को समुचित सुरक्षा मुहैया कराने, दोनों पीड़िता को उचित मुआवजा के साथ-साथ परिवार में एक-एक सदस्य को नौकरी देने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन गांव में किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रशासन नींद से जागे और बलात्कारियों को पकड़ने के लिए एक निर्धारित समय सीमा तय करें अन्यथा लोग सड़कों पर आकर प्रदर्शन करेंगे ,जिन्हें रोकना मुश्किल होगा। मौके पर सैकड़ों ग्रामीण महिला एवं पुरुष उपस्थित थे।





