Search

April 26, 2026 5:18 am

पाकुड़िया में प्रीमियर लीग सीजन 2 का समापन, यंग स्टार टीम बनी विजेता

अब्दुल अंसारी

पाकुड़िया: क्रिकेट क्लब पाकुड़िया की ओर से राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय मैदान, पाकुड़िया में आयोजित प्रीमियर लीग सीजन 2 का फाइनल मैच सोमवार को संपन्न हुआ। इस फाइनल मैच में मुख्य अतिथि के रूप में युवा नेत्री उपासना मरांडी (पिंकी), समाजसेवी गोपाल भगत, गुड्डू भगत, हिरदानंद भगत और राजू चौबे मौजूद रहे। मुख्य अतिथि उपासना मरांडी ने पुरस्कार वितरण से पहले क्रिकेट क्लब के सदस्यों और खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड के महेंद्र सिंह धोनी ने क्रिकेट जगत में देश-विदेश में नाम कमाया है, और यहां के युवा भी खेल भावना के साथ आगे बढ़ते हुए इसी तरह देश का नाम रोशन कर सकते हैं। फाइनल मैच में मास्टर ब्लास्टर और यंग स्टार के बीच मुकाबला हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए यंग स्टार की टीम ने 12 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 133 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए मास्टर ब्लास्टर की टीम 116 रन पर सिमट गई और यंग स्टार ने 18 रनों से जीत दर्ज कर फाइनल विजेता बनी।फाइनल मैच के मैन ऑफ द मैच का खिताब पिंटू सिंह को मिला, जिन्होंने 56 रन बनाए और एक विकेट भी लिया। पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर मैन ऑफ द सीरीज का खिताब रविंदर सिंह को दिया गया। मुख्य अतिथियों द्वारा विजेता टीम यंग स्टार को 21 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता मास्टर ब्लास्टर टीम को 15 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी दी गई। विभिन्न श्रेणियों में अन्य खिलाड़ियों को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर क्रिकेट क्लब के कोषाध्यक्ष नितेश यादव, सचिव अंकित भगत, अमित साहनी, साहिल अंसारी, सुभाष कुमार, अनूप कुमार, सुनित जायसवाल और अन्य क्लब सदस्य एवं क्रिकेट प्रेमी उपस्थित थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!