राहुल दास
हिरणपुर: प्रखंड के डांगापाड़ा और दराजमाठ पंचायत में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को पंचायत स्तरीय बैठकों का आयोजन किया गया। डांगापाड़ा, दराजमाठ और बागशीशा गांवों में हुई इन बैठकों में बूथ स्तरीय समितियों का गठन किया गया और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठकों में मुख्य रूप से झामुमो के जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम उपस्थित रहे। उनके नेतृत्व में बूथ समितियों के गठन की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान प्रखंड अध्यक्ष इसहाक अंसारी, अब्दुल गनी, जब्बार अंसारी, जिला संगठन सचिव मुसलोद्दीन अंसारी तथा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सगीर अंसारी पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि बूथ समिति संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। बूथ जितना मजबूत होगा, संगठन उतना ही प्रभावी तरीके से चुनाव में प्रदर्शन करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहते हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) और जनगणना के कार्यों में विशेष सतर्कता बरतने का आह्वान किया, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सूची से वंचित न रह जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाई जाए और जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाए। बैठक में पंचायत सचिव मतीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित थे।





