पाकुड़। राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस को गरिमामय, भव्य और अनुशासित तरीके से मनाने को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन पुलिस लाइन स्थित एसपी अमरजीत बलिहार स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस परेड का पूर्वाभ्यास कराया गया। पूर्वाभ्यास के दौरान सार्जेंट जगन्नाथ सुंडी ने परेड का निरीक्षण किया और सभी प्लाटून कमांडरों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान कुल नौ प्लाटूनों ने मार्च पास्ट का अभ्यास किया। जवानों ने कदमताल, अनुशासन और आपसी तालमेल का प्रदर्शन करते हुए मुख्य समारोह के लिए अपनी तैयारियों को परखा। अभ्यास के दौरान सामने आई छोटी-मोटी कमियों को दूर करने के लिए प्लाटून कमांडरों को जरूरी निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह से पहले परेड को पूरी तरह व्यवस्थित और त्रुटिरहित बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
पूर्वाभ्यास के दौरान मैदान में जवानों का अनुशासन और कदमों का तालमेल देखते ही बन रहा था। प्रशासन का प्रयास है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में परेड आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने और राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप भव्य एवं प्रभावशाली प्रस्तुति दी जाए।





