लिट्टीपाड़ा (पाकुड़): प्रखंड अंतर्गत बड़ा तेलोपाड़ा स्कूल मैदान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का रविवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए प्रतिनिधि का ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने पारंपरिक जनजातीय रीति-रिवाजों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और उबड़-खाबड़ रास्तों से होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और क्षेत्र की खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड सरकार के नेतृत्व में अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास और योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि पेयजल, सड़क, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि कुछ माह पूर्व पेयजल समस्या को लेकर उन्होंने स्वयं लगभग 5 किलोमीटर पैदल चलकर स्थल निरीक्षण किया था और अब यह मामला नवपदस्थापित उपायुक्त के संज्ञान में भी लाया गया है। जल्द ही क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि तेलोपाड़ा क्षेत्र में सड़क निर्माण की दिशा में भी तेजी से पहल की जा रही है, जिससे आवागमन की समस्या दूर होगी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए लगातार क्षेत्र भ्रमण करना उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय जनता दल हमेशा से जनता के अधिकार और हक की लड़ाई में सक्रिय रहा है और आगे भी मजबूती से जनहित के मुद्दों को उठाता रहेगा। कार्यक्रम के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन में ग्रामीणों और खेल प्रेमियों की भारी भागीदारी देखी गई।









