लालू यादव के आदर्शों पर चलकर गरीबों व पिछड़ों के हक की लड़ाई लड़े कार्यकर्ता: महावीर।
सतनाम सिंह
पाकुड़: राष्ट्रीय जनता दल का 30वां स्थापना दिवस रविवार को शहर के लड्डू बाबू आम बागान में जिला अध्यक्ष महावीर मड़ैया की अध्यक्षता में बेहद धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी की ओर से आयोजित भव्य कार्यक्रम में राजद के सिद्धांतों और राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के संघर्षों को याद किया गया। स्थापना दिवस समारोह में जिले भर से आए विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती का संकल्प लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए राजद के जिला अध्यक्ष महावीर मड़ैया ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने हमेशा दबे-कुचले, गरीबों और पिछड़ों के अधिकारों के लिए लंबी लड़ाई लड़ी है। 90 के दशक में समाज के जिस अंतिम व्यक्ति को सामाजिक बराबरी का अधिकार नहीं था, उसे लालू यादव ने सम्मान से जीने और समाज में बराबरी पर बैठने का अधिकार दिलाया।
महंगाई के खिलाफ संघर्ष का रहा है इतिहास
जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि राजद का इतिहास संघर्षों से भरा रहा है। उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा लालू प्रसाद यादव ने देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ संसद से लेकर सड़क तक आंदोलन किया था। महंगाई का विरोध करने के लिए उन्होंने प्याज की माला पहनकर विधानसभा में प्रवेश किया था, जो आज भी ऐतिहासिक है। कार्यकर्ताओं को इसी जोश के साथ जनता की समस्याओं को उठाना होगा।”
सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने लिया हिस्सा
संगठन के विस्तार और आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर चर्चा करते हुए नेताओं ने कार्यकर्ताओं से लालू यादव के आदर्शों व पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पार्टी के विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों और प्रखण्ड प्रभारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।समारोह में मुख्य रूप से जिला सचिव रंजीत सिंह व हजरत शेख, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष इकरामुल अंसारी, जिला सचिव हक साहेब, आदिवासी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष कान्हु हासदा, सचिव कोर्नेलियस मरांडी, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष लाल मरांडी, युवा जिला अध्यक्ष अमन कुमार तथा लिट्टीपाड़ा प्रखंड अध्यक्ष मनोज मड़ैया समेत जिला कमेटी के सभी पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के अध्यक्ष और पंचायत स्तर के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।








