हथियार संग शातिर गिरफ्तार
पाकुड़: पाकुड़िया थाना क्षेत्र में लाखों की चोरी का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। 1 मई की रात रामघाटी गांव में मनोज कुमार भगत के घर हुई चोरी में करीब 7–8 लाख रुपये के सामान और नगदी पर हाथ साफ किया गया था। इस मामले में दर्ज कांड संख्या 28/2026 की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महेशपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। लगातार छापेमारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 8 मई की शाम पुलिस को सूचना मिली कि काले रंग की थार गाड़ी में सवार कुछ अपराधी पाकुड़िया क्षेत्र में वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। SIT ने खक्सा गांव के पास घेराबंदी कर वाहन रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखते ही चार बदमाश गाड़ी से उतरकर भागने लगे, लेकिन एक आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिहिर ठाकुर (32) के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले का रहने वाला है। तलाशी में उसके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और मोबाइल बरामद किया गया। वहीं थार गाड़ी से हाइड्रोलिक कटर, पेचकस, लोहे का पाइप और सबल जैसे औजार जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपी ने रामघाटी चोरी कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी की रकम में से 51 हजार रुपये और चांदी के तीन सिक्के बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, चोरी और आर्म्स एक्ट के दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।








