राहुल दास
हिरणपुर (पाकुड़):लिट्टीपाड़ा अंचलाधिकारी पवन कुमार के निर्देश पर अंचल कर्मियों द्वारा हिरणपुर बाजार के जबरदहा स्थित सरकारी भूमि पर संचालित दुकानों का शनिवार अपरान्ह व्यापक सर्वे किया गया है। जो एक सप्ताह तक चलेगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार सर्वे का मुख्य उद्देश्य सरकारी अभिलेखों को अद्यतन करना, दुकानों की वास्तविक संख्या का आकलन करना, व्यवसायियों का रिकॉर्ड तैयार करना व वर्षों से लंबित लगान की वसूली सुनिश्चित करना है। सीओ ने बताया कि जमाबंदी संख्या 581 में स्थित केशर-ए-हिंद भूमि पर वर्षों से हिरणपुर दैनिक हाट संचालित है। करीब तीन वर्ष पहले हुए सर्वे में यहां लगभग 300 दुकानों का रिकॉर्ड मिला था। लेकिन वर्तमान सर्वे में दुकानों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक दुकान का क्षेत्रफल, स्थिति व राजस्व संबंधी जानकारी एकत्र की जा रही है।उन्होंने कहा कि कई दुकानदार वर्षों से लगान जमा नहीं कर रहे हैं, जिससे सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है। इसलिए यह सर्वे पूरी तरह नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है व इसका उद्देश्य सरकारी राजस्व व्यवस्था को मजबूत बनाना है। सभी व्यवसायियों से सरकारी नियमों के अनुरूप व्यवसाय संचालित करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी नियमों के विरुद्ध दुकानों को किराये पर देकर व्यवसाय कराना अवैध है व ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन का उद्देश्य केवल व्यवस्था को पारदर्शी बनाना व राजस्व प्रणाली को सुदृढ़ करना है।सर्वे के दौरान बिना अनुमति सरकारी भूमि पर संचालित दुकानों की भी पहचान की जा रही है। साथ ही वर्षों से बंद पड़ी या संचालित नहीं हो रही दुकानों का भी सत्यापन किया जाएगा। जांच के बाद ऐसे मामलों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।






