पाकुड़। मुफस्सिल थाना पुलिस ने दो अलग-अलग गंभीर मामलों में कार्रवाई करते हुए पत्नी की हत्या के बाद फरार चल रहे आरोपी को उत्तर प्रदेश के दिन दयाल उपाध्याय से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, नरोत्तमपुर में 17 जुलाई को हुए पत्नी हत्याकांड को लेकर मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 97/26 दर्ज किया गया था। मामले का आरोपी नरोत्तमपुर निवासी एनामुल शेख घटना के बाद टीसे फरार था। बताया गया कि पारिवारिक विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी पर पीछे से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। बीच-बचाव करने पहुंचे पिता पर भी आरोपी ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया और इसके बाद घर से फरार हो गया। गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर थाना प्रभारी गौरव कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपी को उत्तर प्रदेश स्थित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। उसे पाकुड़ लाकर पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इधर, मुफस्सिल थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दर्ज कांड संख्या 99/26 के आरोपी रणडांगा निवासी मिजानुर रहमान, पिता अनारूल हक को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।








