एस कुमार
महेशपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में रविवार को झारखंड राज्य विद्यालय रसोइया संघ इकाई महेशपूर की मासिक बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता मोसोदी हेम्ब्रम व संचालन मेलोन मरांडी ने की. बैठक में मुख्य रूप से संघ के राज्य उपाध्यक्ष सह जिला पाकुड़ के प्रभारी भुण्डा बास्की शामिल रहे. बैठक में रसोइया के मुद्दों पर आंदोलन तेज करने तथा संगठन को मजबूत करने के लिए विशेष रूप से विचार विमर्श की गई. वही बैठक को संबोधित करते हुए संघ के राज्य उपाध्यक्ष सह जिला पाकुड़ के प्रभारी भुण्डा बास्की ने कहा कि झारखंड में महंगाई को देखते हुए विधायकों ने अपने वेतन एवं दैनिक भत्ता बढ़ोतरी कर ली. लेकिन बीस सालों से विद्यालयों में कार्यरत रसोइया कर्मी का मानदेय नहीं बढ़ाया. रसोइया कर्मी की मानदेय एक हजार रुपये से बढ़ाकर तीन हजार रुपये करने एवं मानदेय पूरे बारह माह का भुगतान करने का वार्ता करीब एक साल पहले हुआ था, लेकिन अब तक लागू नहीं किया गया. केंद्र एवं राज्य सरकार रसोइया कर्मी के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है. कहा कि 2024 के अप्रैल माह से लेकर जून माह तक काम करने के बाद पॉंच जुलाई को मात्र एक माह का मानदेय भुगतान कर दिया गया है. कहा कि 2023 का एक माह का मानदेय भुगतान नही किया गया है. पूरे चार माह का मानदेय एक मुश्त में भुगतान करने के बजाय, मात्र एक माह का ही मानदेय भुगतान करना अनुचित है. इसी प्रकार सितम्बर 2015 से लेकर मार्च 2021 तक का मानदेय 1500/- की दर लगभग दस और तीस हजार की बीच में पड़ा है. इस मामले को लेकर शिक्षा विभाग को लोकतांत्रिक तरीके से धरना प्रदर्शन के माध्यम से मांग पत्र दिया गया है, लेकिन इनके मांग पत्र को कुड़ेदान में डाल दिया गया. कहा कि सरकार रसोइया कर्मी को सिर्फ और सिर्फ ठगने का काम किया है. अब तक रसोइया कर्मी को न तो लेबर माना है, और ना ही सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया है. अभी तक समाज सेवी ही कहा जाता है. उन्होंने बैठक के माध्यम से राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया कि रसोइया कर्मी को साठ वर्ष बिना समाप्त हुए, नहीं हटाया जाय. साथ ही संघ के द्वारा शिक्षा सचिव के साथ जो रसोइया कर्मी के मांगों पर जो समझौते हुए हैं, उसे अविलंब लागू किया जाय. मौके पर रानी मरांडी, बाहा हांसदा, फुलमुनी टुडू, सुशांती हेम्ब्रम, बिटी सोरेन, एमेली सोरेन लुचिता मरांडी, आरोती हेम्ब्रम, सुमिता सोरेन, पुतुल देवी, सावित्री देवी, पारो देवी, अगस्टीना मरांडी सहित अन्य उपस्थित थे।





