पाकुड़। पाकुड़ मंडल कारा में रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से जेल अदालत सह मेडिकल कैंप लगाया गया। कार्यक्रम में बंदियों को कानूनी अधिकारों और प्ली बार्गेनिंग की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही मेडिकल टीम ने बंदियों के स्वास्थ्य की जांच की। झालसा रांची के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में डालसा के प्रभारी सचिव विशाल मांझी ने बंदियों को बताया कि पात्र मामलों में प्ली बार्गेनिंग के जरिए केस का जल्द निपटारा कराया जा सकता है। स्वेच्छा से दोष स्वीकार करने पर कानून के प्रावधानों के तहत सजा में राहत मिलने के साथ समय और संसाधनों की बचत हो सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि किन मामलों में प्ली बार्गेनिंग का लाभ लिया जा सकता है और इसकी प्रक्रिया क्या है। एलएडीसीएस के डिप्टी चीफ संजीव कुमार मंडल ने बंदियों को निःशुल्क कानूनी सहायता और जमानत से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी। वहीं, मेडिकल कैंप में बीपी, शुगर समेत अन्य स्वास्थ्य जांच की गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी सचिव विशाल मांझी, डॉ. एसके झा, जेल प्रशासन के अधिकारी, डिप्टी चीफ संजीव कुमार मंडल, सहायक गंगाराम टुडू व अजफर हुसैन विश्वास ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की। मौके पर डालसा कर्मी, जेल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम मौजूद रही।






