पाकुड़। राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर जिले के सरकारी विद्यालयों में आयोजित तीन दिवसीय खेल एवं जागरूकता अभियान का रविवार को साइकिल रैली के साथ समापन हुआ। पाकुड़िया, लिट्टीपाड़ा समेत जिले के विभिन्न प्रखंडों के विद्यालयों में बच्चों ने खेलकूद, योग, मार्शल आर्ट, रस्साकशी, तीरंदाजी और दौड़ जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंतिम दिन ‘संडे ऑन साइकिल’ के तहत विद्यार्थियों ने साइकिल रैली निकालकर फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। लिट्टीपाड़ा के उत्क्रमित मध्य विद्यालय रोडगो के बच्चों ने हाथों में जागरूकता संदेश की तख्तियां लेकर क्षेत्र का भ्रमण किया। पाकुड़िया प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों में भी साइकिल रैली के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। इससे पहले 27 और 29 अगस्त को विद्यालयों में 50 से 800 मीटर दौड़, बोरी दौड़, तीन टांग दौड़, चम्मच-गोली दौड़, कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल, हॉकी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, शतरंज, कैरम और लूडो सहित कई प्रतियोगिताएं हुईं। 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को पुष्पांजलि अर्पित कर विद्यार्थियों को उनके जीवन, अनुशासन और खेल भावना से प्रेरित किया गया। जिला स्तर पर आयोजित ‘स्पेशल संडे- साइकिल एडिशन’ में भी खिलाड़ियों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अंडर-14 बालक वर्ग में विवेक दास प्रथम, रौशन कुमार भगत द्वितीय और सुदीप दास तृतीय रहे। बालिका वर्ग में सुधा कुमारी पासवान प्रथम, रेयाक्षा प्रवीण द्वितीय और कल्याणी सरकार तृतीय रहीं। सीनियर पुरुष वर्ग में समीर अंसारी प्रथम, नज़मी शेख द्वितीय और बिकास साहा तृतीय रहे। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों एवं शिक्षकों ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का जरिया है। तीन दिवसीय आयोजन ने बच्चों और युवाओं को नियमित खेलकूद से जुड़ने का संदेश दिया।








