Search

September 20, 2026 8:58 pm

बलभद्र पूजनोत्सव में उमड़ी आस्था, एकजुटता का दिया संदेश।

पाकुड़ जिले भर में ब्याहुत कलवार समाज की ओर से रविवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर कुलदेवता भगवान बलभद्र का पूजनोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पाकुड़ शहर में शिव शीतला मंदिर परिसर में 36वां वार्षिक पूजनोत्सव हुआ। वहीं पाकुड़िया में स्काई व्यू ओम अपार्टमेंट और महेशपुर में लक्ष्मी मार्केट में समाज के लोगों ने वैदिक विधि से पूजा-अर्चना की। तीनों स्थानों पर बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने हिस्सा लिया। पाकुड़ में पुरोहित रूपेश मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान बलभद्र की पूजा कराई। महाआरती, वंदना और पुष्पांजलि के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद व महाप्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन में पाकुड़ के अलावा पश्चिम बंगाल और बिहार से भी समाज के लोग पहुंचे। शनिवार को महिला समिति की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम व प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। रविवार को विजेताओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पाकुड़िया में यजमान गोपाल भगत व उनकी पत्नी के साथ पुरोहित भुवनेश्वर ओझा ने पूजा संपन्न कराई। आरती के बाद प्रसाद वितरण और सामूहिक महाभोज हुआ। इस दौरान हुई बैठक में पूर्व मुखिया शिवशंकर भगत ने समाज में आपसी भाईचारा बनाए रखने, सुख-दुख में एक-दूसरे का साथ देने और संगठित रहने का आह्वान किया।
महेशपुर में पुरोहित संतोष चौबे ने भगवान बलभद्र की पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद प्रसाद वितरण और सामूहिक भोजन का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में समाज के अध्यक्ष दीनानाथ भगत समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में पाकुड़ में अशोक भगत, विश्वनाथ भगत, अशोक कुमार भगत समेत समाज के पदाधिकारियों व सदस्यों, पाकुड़िया में शिवशंकर भगत, सुनील भगत, प्रमोद भगत, मेघनाथ भगत समेत कार्यकर्ताओं तथा महेशपुर में दीनानाथ भगत, बसंत भगत, संतोष भगत सहित समाज के लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

img 20260920 wa00025773995117246653804
img 20260920 wa00031686806064222083135

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!