पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के गोकुलपुर पुलिस लाइन के समीप एक बंद घर को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। इस मामले में पीड़िता सुपर्णा प्रमाणिक ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, 17 मई 2026 की रात चोरों ने सूना घर पाकर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और भीतर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण, लगभग 1.20 लाख रुपये नकद तथा अन्य घरेलू सामान लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान में सोने का कान का बाला, चांदी की पायल और दो भरे हुए गैस सिलेंडर भी शामिल हैं। घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता घर लौटी। अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए—सारा सामान बिखरा पड़ा था और घर का ताला टूटा हुआ था। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से एक सब्बल और कोल्ड ड्रिंक की बोतल भी बरामद की गई है, जिसे पुलिस जांच का अहम सुराग माना जा रहा है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में छानबीन कर रही है और अज्ञात चोरों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। मामले की गहन जांच जारी है।








