Search

July 15, 2026 4:49 am

शराब दुकान में डेढ़ लाख की चोरी का 12 घंटे में खुलासा, दुकान का कर्मी ही निकला आरोपी

राहुल दास

हिरणपुर (पाकुड़): सीतपहाड़ी स्थित कंपोजिट शराब दुकान में हुई करीब डेढ़ लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में दुकान के ही 21 वर्षीय कर्मी श्रवण कुमार साव उर्फ श्रवण कुमार साहा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी की राशि में से 10 हजार रुपये बरामद किए हैं। दुकान के मैनेजर जितेश कुमार सिंह उर्फ मोनू की शिकायत पर हिरणपुर थाना में कांड संख्या 48/26 दर्ज किया गया। शिकायत के अनुसार 10 जुलाई की रात दुकान बंद करने के बाद चाबी आरोपी कर्मी अपने साथ ले गया था। अगले दिन सुबह उसने ही दुकान में चोरी होने की सूचना दी। जांच के दौरान दुकान का शटर कटा मिला और गल्ले से करीब 1.50 लाख रुपये गायब थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। फुटेज में आरोपी की गतिविधियां और उसकी पहचान स्पष्ट होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में श्रवण कुमार साव ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के 10 हजार रुपये बरामद किए हैं। उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। दुकान प्रबंधन का यह भी दावा है कि आरोपी पर करीब चार माह पहले दुकान की दो लाख रुपये की राशि के गबन का भी आरोप लगा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और चोरी की शेष राशि की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

img 20260713 wa00191436764230704716655
img 20260713 wa00181761115673493011304

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!