Search

October 6, 2026 9:07 pm

जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों का स्थायी लोक अदालत में होगा त्वरित समाधान।

पाकुड़। झालसा रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ की ओर से बैंक ऑफ इंडिया, करियोडीह में मंगलवार को विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष दिवाकर पांडेय के निर्देश पर आयोजित शिविर में स्थायी लोक अदालत के माध्यम से जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े मामलों के समाधान की जानकारी दी गई। स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष अशोक कुमार शुक्ला ने कहा कि बिजली, बीमा, बैंकिंग सहित अन्य जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों का सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित और सौहार्दपूर्ण समाधान कराया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को सरल एवं सुलभ तरीके से न्याय उपलब्ध कराना है। सदस्य मो. अबरारुल हक ने बताया कि गरीब, महिला, बच्चे, एससी-एसटी, दिव्यांग सहित पात्र लोग सुलह योग्य मामलों में स्थायी लोक अदालत की सुविधा का लाभ ले सकते हैं। सदस्य राजीव कुमार झा ने आवेदन और मामले के निपटारे की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि आवश्यक दस्तावेज के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकार में आवेदन देकर इस सुविधा का लाभ लिया जा सकता है।
शिविर में बैंकिंग सुविधाओं एवं सेवाओं की भी जानकारी दी गई। मौके पर बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक आशीष रंजन, बैंक कर्मी, ग्राहक, आमजन तथा पैरा लीगल वॉलंटियर्स प्रियंका झा और सीमा साहा मौजूद रहीं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!