Search

September 11, 2026 10:11 pm

15 दिन से नल सूखे, पानी के लिए भटक रहे हजारों परिवार; पार्षदों ने डीसी से लगाई गुहार

पाकुड़। नगर परिषद क्षेत्र में पिछले 15 दिनों से शहरी जलापूर्ति योजना ठप है। नलों से पानी नहीं आने के कारण हजारों परिवारों के सामने पेयजल संकट गहरा गया है। समस्या के जल्द समाधान की मांग को लेकर नगर परिषद उपाध्यक्ष राणा ओझा के नेतृत्व में वार्ड पार्षदों का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को उपायुक्त मेघा भारद्वाज से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने डीसी से जलापूर्ति योजना तत्काल बहाल कराने की मांग की।
पार्षदों ने बताया कि लंबे समय से जलापूर्ति बंद रहने के कारण लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी की वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है। इससे आम लोगों को आर्थिक परेशानी के साथ मानसिक तनाव भी झेलना पड़ रहा है। उपाध्यक्ष राणा ओझा ने बताया कि योजना की मरम्मत और संचालन को लेकर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी पहले ही पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को पत्र भेज चुके हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से समस्या बनी रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसी मेघा भारद्वाज ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को जल्द से जल्द मरम्मत कार्य पूरा कर शहरी जलापूर्ति योजना बहाल करने और लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। डीसी के आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जल्द राहत मिलने की उम्मीद जताई। प्रतिनिधिमंडल में वार्ड पार्षद निभा देवी, तनु दास, रेखा सरदारनी, पूनम देवी, अनिकेत गोस्वामी, राजा अंसारी, रियाज अंसारी, कमल राउत और गुड्डू भगत शामिल थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!