रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम में 4 से 6 नवंबर तक चला ट्रायल, तकनीक, फिटनेस और खेल कौशल के आधार पर हुआ प्रतिभाओं का आकलन
पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित तीन दिवसीय अंडर-14 क्रिकेट ट्रायल मैच शुक्रवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। स्थानीय रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम में 4 से 6 नवंबर तक चले इस ट्रायल में जिले के युवा क्रिकेटरों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसका मुख्य उद्देश्य जिले की उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं की पहचान कर बेहतर खिलाड़ियों का चयन करना है। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन, बल्लेबाजी-बॉलिंग तकनीक, फिटनेस, खेल कौशल और मैदान पर खेल भावना का बारीकी से आकलन किया गया। तीन दिनों तक चले इस चयन सत्र में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर मिला। संघ की ओर से बताया गया कि चयनित खिलाड़ियों की अंतिम सूची जल्द ही आधिकारिक रूप से जारी की जाएगी। इसके साथ ही आगामी प्रशिक्षण शिविर और आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन से संबंधित जानकारी भी दी जाएगी।





