रांची स्थित होटल चाणक्य बीएनआर में राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं झामुमो के युवा नेता विजय हांसदा और उनकी धर्मपत्नी सुप्रिया मुर्मू के विवाह उपरांत आयोजित भव्य रिसेप्शन समारोह में झामुमो के शीर्ष नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री सह झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन तथा पार्टी के केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा ने नवविवाहित दंपति को विवाह की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी, समृद्ध और मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की। इस अवसर पर झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम एवं जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने सांसद विजय हांसदा और सुप्रिया मुर्मू को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा उनके जीवन में प्रेम, विश्वास, समृद्धि और निरंतर सफलता की कामना की। वहीं महेशपुर प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद के नेतृत्व में झामुमो प्रखंड समिति की पूरी टीम भी समारोह में शामिल हुई। कार्यकर्ताओं ने नवदंपति को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखद वैवाहिक जीवन के लिए शुभेच्छाएं व्यक्त कीं। समारोह पूरे समय आत्मीयता, सौहार्द और उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ।










