पाकुड़। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित दो दिवसीय समर कैंप का उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। समर कैंप में बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कैंप के दौरान बच्चों को हारमोनियम वादन, नृत्य कला, पेंटिंग, क्राफ्ट एवं योग का प्रशिक्षण दिया गया। वहीं मनोरंजन और प्रतिभा निखारने के उद्देश्य से खेलकूद एवं विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
समर कैंप को लेकर बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला। दो दिनों तक चले इस आयोजन में बच्चों ने नई चीजें सीखने के साथ भरपूर आनंद भी उठाया। समापन अवसर पर प्रतिभागी बच्चों के बीच पुरस्कार वितरण किया गया, जिससे बच्चों की खुशी और उत्साह दोगुना हो गया। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति की सभी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। समिति की महिलाओं ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामाजिक विकास को बढ़ावा देते हैं।









