पाकुड़: चाचकी पंचायत के चाचकी गांव में प्रस्तावित भव्य नगर कीर्तन को लेकर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। इसी क्रम में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक का नेतृत्व जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल ने किया, जिसमें आयोजन को भव्य, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिप सदस्य पिंकी मंडल ने कहा कि नगर कीर्तन केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, भाईचारा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने सभी ग्रामीणों और समिति सदस्यों से अपील की कि वे आपसी सहयोग और समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाएं, ताकि यह कार्यक्रम क्षेत्र में मिसाल बन सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। साथ ही अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। जानकारी के अनुसार भव्य नगर कीर्तन शनिवार, 16 मई को सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम को लेकर गांव में उत्साह का माहौल है और श्रद्धालुओं में विशेष उमंग देखी जा रही है।
बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण, श्रद्धालु एवं समिति सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने आयोजन को ऐतिहासिक और सफल बनाने का संकल्प लिया। पूरे गांव में इस समय भक्तिमय माहौल बना हुआ है।






