अमर भगत
अमरपाड़ा (पाकुड़)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पाकुड़ जिला प्रशासन के निर्देशन में DBL PSPCL ने जनहित से जुड़ी सराहनीय पहल की है। तेज धूप और उमस भरी गर्मी को देखते हुए कंपनी ने अपनी CSR योजना के तहत अमरपाड़ा बस स्टैंड परिसर में राहगीरों, यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए शीतल पेयजल एवं गुड़ की व्यवस्था शुरू की है। गर्मी में सफर करने वाले लोगों के लिए यह व्यवस्था राहत का माध्यम बनी है। बस स्टैंड से गुजरने वाले राहगीर गुड़ के साथ ठंडा पानी पीकर गर्मी से राहत पा रहे हैं। भारतीय परंपरा में भी राहगीरों को गुड़-पानी पिलाना सेवा और पुण्य का कार्य माना जाता है। स्थानीय लोगों ने इस जनोपयोगी पहल के लिए जिला प्रशासन और DBL PSPCL के प्रति आभार जताया। अधिकारियों की मौजूदगी में हुई शुरुआत। जानकारी के अनुसार, DBL के AGM लायजन संजीव कुमार सिंह के निर्देश पर DBL PSPCL की ओर से यह CSR पहल शुरू की गई। उद्घाटन के अवसर पर कंपनी के CSR मैनेजर उमेश कुमार, लायजन टीम के जे.पी. राय, संजय कुमार, मनोज मोदक समेत कंपनी के अन्य कर्मी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने उम्मीद जताई कि गर्मी के दौरान यह सुविधा लगातार राहगीरों को राहत पहुंचाती रहेगी।





