ग्रामीणों की शिकायत पर तत्काल हुई पहल, डेढ़ किलोमीटर सड़क पर डस्ट बिछाने का कार्य प्रारंभ।
इकबाल हुसैन
महेशपुर: झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी की पहल पर प्रखंड की छक्कुधारा पंचायत अंतर्गत नुनबट्टा गांव के जिलिञ टोला की करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क की मरम्मत शुरू हो गई है। सड़क पर डस्ट बिछाकर उसे समतल किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क लंबे समय से खराब थी। बरसात में कीचड़ और गड्ढों के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता था। स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और महिलाओं को रोजाना इस मार्ग से गुजरने में काफी परेशानी उठानी पड़ती थी।
ग्रामीणों की समस्या की जानकारी झामुमो कार्यकर्ता राजेन मुर्मू ने उपासना मरांडी को दी। सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल सड़क मरम्मत की व्यवस्था कराई और डस्ट उपलब्ध कराया। इसके बाद मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया। सड़क मरम्मत शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी है। उनका कहना है कि सड़क ठीक होने से गांव का आवागमन आसान होगा और बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से काफी राहत मिलेगी।
उपासना मरांडी ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास के लिए उनका प्रयास आगे भी जारी रहेगा। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।






