Search

May 8, 2026 11:05 pm

15 वर्षों से सरकारी योजनाओं से वंचित पतरापाड़ा के ग्रामीणों ने डीसी से लगाई गुहार।

पाकुड़: सदर प्रखंड के सोनाजोड़ी पंचायत अंतर्गत पतरापाड़ा ग्राम के ग्रामीणों का धैर्य आखिरकार जवाब दे गया। पिछले 15 वर्षों से किसी भी सरकारी लाभ से वंचित ग्रामीण आज अपनी समस्याओं को लेकर समाहरणालय पहुंचे और उपायुक्त (डीसी) से मुलाकात कर एक लिखित आवेदन सौंपा।ग्रामीणों ने उपायुक्त को सौंपे गए पत्र में प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया है।ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 15 सालों में उनके गाँव में कोई भी सरकारी अधिकारी (जैसे बीडीओ, पंचायत सचिव या रोजगार सेवक) सुध लेने नहीं आया।आवेदन में स्पष्ट किया गया है कि पंचायत के मुखिया, उप-मुखिया और पंचायत समिति के सदस्यों ने भी गाँव के विकास या ग्रामीणों को सरकारी लाभ दिलाने में कोई रुचि नहीं दिखाई है।ग्रामीण राशन, पेंशन, आवास और अन्य कल्याणकारी सरकारी योजनाओं से पूरी तरह महरूम हैं।

सामूहिक हस्ताक्षर के साथ सौंपा आवेदन

ग्रामीणों ने अपनी एकजुटता दिखाते हुए आवेदन के साथ करीब 50 से अधिक लोगों के हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान वाला पत्र डीसी को सौंपा। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से मांग की है कि उन्हें जल्द से जल्द मुख्यधारा से जोड़ते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाए।

प्रशासनिक आश्वासन की प्रतीक्षा

समाहरणालय पहुंचे ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि उपायुक्त इस मामले में संज्ञान लेंगे और संबंधित अधिकारियों को गाँव का दौरा करने व समस्याओं के त्वरित निष्पादन का निर्देश देंगे। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अब भी उनकी सुनवाई नहीं हुई, तो वे आगे के आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!