अमर भगत
अमड़ापाड़ा (पाकुड़)। अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के चर्चित महिला हत्याकांड का पुलिस ने आठ दिनों के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी टांगी, खून लगा टी-शर्ट और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में एक महिला की घर में सोते समय सिर पर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में अमड़ापाड़ा थाना कांड संख्या 51/26 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) में मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महेशपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम में अमड़ापाड़ा थाना पुलिस, तकनीकी शाखा, रांची की एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड को शामिल किया गया। मानव सूचना, वैज्ञानिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले का सफल उद्भेदन करते हुए एक नाबालिग को निरुद्ध किया।
पुलिस ने बताया कि निरुद्ध बालक की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगी टांगी, खून से सना टी-शर्ट और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अनुप रोशन भेंगरा, पुलिस अवर निरीक्षक बुदीलाल मुर्मू, चंदन कुमार, तकनीकी शाखा के सुखदेव साहा सहित अमड़ापाड़ा थाना, तकनीकी शाखा एवं अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








