Search

August 28, 2026 9:50 pm

राखी के धागे में बंधा भाई-बहन का प्यार, जिलेभर में गूंजा रिश्तों का उत्सव

पाकुड़। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को पाकुड़ जिलेभर में हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। पाकुड़ शहर से लेकर महेशपुर, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़िया सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही पर्व को लेकर उत्साह नजर आया। घरों में पूजा-अर्चना के बाद बहनों ने भाइयों की आरती उतारी, माथे पर तिलक लगाया और कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर जीवनभर उनकी रक्षा और हर सुख-दुख में साथ निभाने का संकल्प लिया। दूर-दराज में रहने वाले भाई-बहन भी रक्षाबंधन पर अपने घर पहुंचे। कई बहनें मायके पहुंचीं तो रोजगार के सिलसिले में बाहर रहने वाले भाई भी पर्व मनाने घर लौटे। इससे परिवारों में लंबे समय बाद मिलन और आत्मीयता का माहौल देखने को मिला। घरों में तरह-तरह के पकवान और मिठाइयां बनीं तथा दिनभर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराने का दौर चलता रहा। बच्चों में भी राखी को लेकर खास उत्साह रहा।

img 20260828 wa0015323915062188828701

महेशपुर में पुलिसकर्मियों को बांधी राखी।

महेशपुर में एकल विद्यालय की आचार्याओं ने ड्यूटी के कारण बहनों से दूर रहे पुलिसकर्मियों को थाना परिसर में राखी बांधी। गायत्री देवी, मंजू देवी, बबीता देवी, काकुली कुनई सहित अन्य महिलाओं ने एसडीपीओ विजय कुमार, थाना प्रभारी रवि शर्मा, एसआई अजय महतो समेत पुलिसकर्मियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। इस दौरान पुलिसकर्मियों को बहनों की कमी महसूस न हो, इसका आत्मीय प्रयास किया गया।

img 20260828 wa00181643795640920064569

लिट्टीपाड़ा और पाकुड़िया में भी दिखा उत्साह।

लिट्टीपाड़ा प्रखंड के मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक रक्षाबंधन की धूम रही। बहनों ने भाइयों को तिलक लगाकर मिठाई खिलाई और राखी बांधी। वहीं पाकुड़िया प्रखंड के बन्नोग्राम, राजदाहा, तालवा, चौकिसाल, मोगलाबांध, गनपुरा, श्रीधरपाड़ा और फुलझींझरी समेत कई गांवों में पारंपरिक तरीके से पर्व मनाया गया। कई जगह बहनों ने उपवास रखकर भाइयों की आरती उतारी और दूब घास व अरवा चावल से उनकी दीर्घायु की कामना की।
रक्षाबंधन के चलते बाजारों में भी दिनभर चहल-पहल रही। रंग-बिरंगी राखियों और मिठाइयों की दुकानों पर लोगों की भीड़ जुटी रही। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। रक्षा सूत्र ने एक बार फिर भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी की डोर को मजबूत किया।

img 20260828 wa00178397533855441037633
img 20260828 wa00161824112457820189604
img 20260828 wa00147925503135663770076

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!