संवाददाता विवेक कुमार
साहिबगंज। बोरियो में हुए रेबिका पहाड़िन हत्याकांड में पुलिस ने दिल्ली के कोटलामुबारक थाना क्षेत्र से मुख्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद साहिबगंज पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर साहिबगंज पहुंची। इधर पुलिस लाइन में एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि 17 दिसंबर को संध्या बोरियो थाने में। गोडा पहाड़ निवासी एक महिला रेबिका पहाड़िन की गुमशुदगी के संबंध में उसकी सास मरियम निशा ने पुलिस थाना में सूचना दी थी। छानबीन के क्रम में
संथाली मोमिन टोला के पास से एक महिला का 15-20 टुकड़ों में क्षत-विक्षित मानव अंग प्राप्त हुआ था। मामले में थाना कांड संख्या 320/23 दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया। अब तक ये बात सामने आई कि रेबिका की हत्या सुनियोजित तरीके से उसके पति एवं परिवार तथा पति के मामा मैनुल हक़ अंसारी व गांव के ही मैनुल हक़ मोमिन ने कर दी थी। पहचान व साक्ष्य छुपाने की नीयत से लाश को टुकड़ों में करके फेंक दिया गया। पुलिस ने बाद में कुल 18 मानव अंग बरामद किये थे। अनुसंधान के दौरान अब तक मुस्तकीम अंसारी, दिलदार अंसारी, मरियम निशा, सरैसा खातून, गुलेरा खातून, महताब अंसारी, आमिर अंसारी, मैनुल हक मोमिन, शहर बानो, जरीना बीबी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका था। सभी के विरुद्ध आरोप पत्र भी समर्पित किया जा चुका है। इस कांड के मुख्य फरार आरोपी मैनुल अंसारी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। मैनुअल अंसारी का अपराधिक इतिहास भी रहा है। मैनुल पर बोरियो थाना कांड संख्या 215/92 व संगम विहार दिल्ली कांड संख्या 548/ 14 दर्ज है। एसपी ने बताया कि मैनुल को रिमांड पर लेकर पुलिस पूछताछ करेगी। इधर एसपी ने मैनुल को गिरफ्तार करने में बड़ी भूमिका निभाने वाले पुलिस कर्मियों को सर्टिफिकेट देकर पुरस्कृत किया। मौके पर एसडीपीओ राजेंद्र दूबे, बोरियो थाना प्रभारी जगरनाथ पान, एसआई निरंजन कच्छप, आरक्षी वीरेंद्र भोक्ता, सुनील शर्मा, अभिषेक व सुमित मौजूद थे।







