13 आवेदक रहे अनुपस्थित, 23 दक्षता परीक्षण में असफल; निर्धारित मानकों पर परखी गई वाहन चलाने की क्षमता।
पाकुड़िया। ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया के तहत बुधवार को पाकुड़िया अंचल में चालक दक्षता परीक्षण आयोजित किया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी के नेतृत्व में हुए परीक्षण में कुल 65 आवेदकों के आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें 13 आवेदक परीक्षण में शामिल नहीं हुए।
परीक्षण में शामिल 52 आवेदकों में से 29 ने निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप वाहन चलाकर सफलता हासिल की। वहीं, 23 आवेदक दक्षता परीक्षण में सफल नहीं हो सके। सफल आवेदकों के फाइनल ड्राइविंग लाइसेंस निर्गमन की प्रक्रिया निर्धारित प्रावधानों के तहत आगे बढ़ाई जाएगी। परीक्षण के दौरान आवेदकों की वाहन चलाने की दक्षता के साथ निर्धारित नियमों और शर्तों के पालन की भी जांच की गई। मोटर यान निरीक्षक अमित कुमार, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह सहित जिला परिवहन कार्यालय के कर्मी मौके पर मौजूद रहे।
यह अभियान राज्य सरकार के निर्देश पर लोगों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। जिला परिवहन पदाधिकारी ने लोगों से अपील की कि लाइसेंस के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए दक्षता परीक्षण में शामिल हों और वाहन चलाते समय सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें।







