बाजार समिति मैदान में 70-80 आवेदकों ने दी परीक्षा, परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा का पढ़ाया पाठ
पाकुड़/ फाइनल ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए जिला परिवहन कार्यालय की ओर से बुधवार को बाजार समिति मैदान में विशेष चालक दक्षता परीक्षण शिविर लगाया गया। शिविर में करीब 70 से 80 आवेदक पहुंचे। इनमें 56 आवेदकों ने ड्राइविंग टेस्ट सफलतापूर्वक पास किया। सफल आवेदकों के फाइनल ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।
पूर्व में आयोजित शिविरों के माध्यम से जारी किए गए लर्निंग लाइसेंस को फाइनल ड्राइविंग लाइसेंस में बदलने के उद्देश्य से यह शिविर आयोजित किया गया था। आवेदकों का भौतिक चालक दक्षता परीक्षण जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी, मोटर यान निरीक्षक अमित कुमार, सड़क सुरक्षा कर्मियों और पुलिस बल की मौजूदगी में कराया गया। जिला परिवहन कार्यालय की ओर से जिले के सभी छह अंचलों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य आम लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने में सुविधा देना और प्रक्रिया को सरल बनाना है। अधिकारियों के अनुसार, टेस्ट में सफल आवेदकों के लाइसेंस निर्गत करने की आवश्यक प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत पूरी कर उन्हें लाइसेंस उपलब्ध कराया जाएगा।
नियमों का पालन करने की अपील
शिविर में आवेदकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। अधिकारियों ने हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने और नशे की हालत में ड्राइविंग से बचने की अपील की। यातायात संकेतों का पालन करने तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने को कहा गया। जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस केवल वाहन चलाने की अनुमति का दस्तावेज नहीं, बल्कि चालक की जिम्मेदारी का भी प्रमाण है। यातायात नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।





