पाकुड़ परिसदन में पाकुड़ साहेबगंज एवं गोड्डा जिला के पदाधिकारियों के साथ की बैठक।
राजकुमार भगत
शुक्रवार को प्रमंडलीय आयुक्त संथाल परगना प्रमंडल लालचंद डाडेल पाकुड़ जिले के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने पाकुड़ परिसदन में मतदाता सूची द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 को लेकर पाकुड़, साहेबगंज एवं गोड्डा जिला के प्रगति कार्य का समीक्षा बैठक किया। आयुक्त को विधानसभावार पुनरीक्षण कार्यक्रम के द्वारा जोड़े गए नए मतदाताओं, वरिष्ठ मतदाताओं, दिव्यांग मतदाताओं, मृत मतदाताओं के नाम विलोपित करने आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की। आयुक्त ने प्राप्त फार्म 06, फार्म 07 एवं फार्म 08 और निष्पादित फार्मों –रिजेक्टेड फार्मों के संबंध में सभी संबंधित ईआरओ से प्राप्त किया। उन्होंने विधानसभावार रिजेक्शन फार्मों के कारणों की जानकारी ली। कहा कि फार्म रिजेक्शन का सत्यापन अवश्य करें, वैद्य कारण पर ही फार्म को रद्द करें। वहीं, लंबित फार्मों का निष्पादन सुनवाई करते हुए समाप्त करने का निर्देश दिया। उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि आयोग की समावेशी सप्ताह पहल के तहत दूरदराज के क्षेत्रों के मतदाताओं के पंजीकरण के लिए शिविर लगाया गया। दिव्यांगजन, 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाता, ट्रांसजेंडर और रैन बसेरों या आश्रय गृहों में रहने वाले लोगों सहित पात्र नागरिकों के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान भी चलाया गया। कम मतदान वाले मतदान केंद्रों की समीक्षा करने, उन केंद्रों की मतदाता सूचियों को दुरुस्त करने और मतदाताओं को चुनाव में भाग लेने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।
प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी ईआरओ – एईआरओ को अपने – अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का नियमित भौतिक निरीक्षण करने निर्देश दिया। कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए कि मतदान केंद्रों की जानकारी किसी को नहीं हो, उन्होंने बूथ लेवल आफिसर के साथ नियमित बैठक करने एवं कार्य प्रगति की समीक्षा का निर्देश दिया। कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर समय निर्धारित है, सभी कार्यों का निष्पादन समयबद्ध होना है, इसे सभी ईआरओ – एईआरओ सुनिश्चित करेंगे। प्रमंडलीय आयुक्त ने कम वोटिंग वाले मतदान केंद्रों की भी समीक्षा कर संबंधित मतदान केंद्र के मतदाता सूची को दुरूस्त करने का निर्देश दिया।
मौके पर उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया, परियोजना निदेशक आईटीडीए अरुण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी प्रवीण कुमार केरकेट्टा, भूमि सुधार उप समाहर्ता मनीष कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी, पाकुड़ अभिषेक सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी साहेबगंज एवं गोड्डा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।






