डिस्पैच, रिसीविंग सेंटर एवं मतगणना केन्द्रों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का दिया निर्देश।
बजरंग पंडित
आगामी विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार व पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने गोकुलपुर हटिया स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने कहा कि बाजार समिति में आगामी विधानसभा चुनाव 2024 में डिस्पैच सेंटर, रिसीविंग एवं मतगणना केंद्र आदि का निर्माण किया जाएगा तथा वाहन कोषांग भी यहीं होगी। इसके अलावा उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल को बाजार समिति की मरम्मती के साथ-साथ विधानसभावार बज्रगृह निर्माण एवं विधानसभावार मतगणना की व्यवस्था सुरक्षा के मद्देनजर सुनिश्चित करने की बात कही। कहा कि मतदान कर्मियों को ईवीएम जमा करते समय किसी भी परेशानी का सामना करना नहीं पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। साथ ही डिस्पैच, रिसीविंग सेंटर, मतगणना केन्द्रों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इसके अलावा उपायुक्त ने ईवीएम वेयर हाउस का किया निरीक्षण
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने समाहरणालय स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा ईवीएम वेयरहाउस का समय-समय पर निरीक्षण करने के निर्देश हैं। इसी क्रम में उपायुक्त ने ईवीएम वेयरहाउस पहुंचकर वहां निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आयोग के निर्देशों एवं मानकों का लगातार सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए।
मौके पर उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन,अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, उप निर्वाचन पदाधिकारी अभिषेक सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी संजय पीएम कुजूर, भूमि सुधार उप समाहर्ता मनीष कुमार समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।






