राशन वितरण में लापरवाही बरतने को लेकर छह डीलरों को शोकॉज
राहुल दास
हिरणपुर (पाकुड़): जन वितरण प्रणाली दुकानदारों की बैठक सोमवार को घाघरजानि स्थित प्रखण्ड कार्यालय सभागार में आयोजित हुई। बैठक में अनुपस्थित सात पीडीएस डीलरों को प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी सन्तोष कुमार ने शोकॉज पूछा। बैठक में एमओ ने कहा कि सम्पन्न लोगों को किसी भी अवस्था मे सरकारी राशन का लाभ नही देना है। यदि ऐसे किसी अयोग्य व्यक्ति का राशन कार्ड है तो इसकी जांच कर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। एमओ ने फरवरी व मार्च 2025 एनएफएसए राशन वितरण का डीलरवार समीक्षा किया। इसमे 95 प्रतिशत से कम वितरण करने वाले छह डीलरों पर स्पष्टीकरण पूछा गया। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि फरवरी माह में 95.9 व मार्च में 96 प्रतिशत वितरण लाभुको के बीच हुई है। वितरण प्रतिशत हर हालात में 95 प्रतिशत से ज्यादा करना होगा। घाघरजानि के डीलर चानुस टुडू की लापरवाही कार्यशैली को लेकर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ई केवाईसी की समीक्षा के दौरान कहा कि वर्तमान में यह महत्वपूर्ण कार्य है। हमे शत प्रतिशत लाभुको का ई केवाईसी कराना है। अभी तक 94 प्रतिशत राशनकार्ड से जोड़ा जा चुका है। अभी तक 17847 पीएच , अंत्योदय , ग्रीन , पीटीजी कार्ड में से 57660 सदस्यो का ई केवाईसी हो चुका है। ई केवाईसी का अंतिम तिथि 30 अप्रेल है। इसलिए सभी डीलर इस महत्वपूर्ण कार्य को प्राथमिकता के साथ करे। उन्होंने डीलरों को निर्देश दिया कि दुकान को सरकारी निर्देशानुसार रंगरोगन करे। सूचना पट्ट , बोर्ड, आवंटन पंजी आदि का रहना आवश्यक है। दुकानों की नियमित जांच की जा रही है। ससमय लाभुको के बीच राशन का वितरण करे। लापरवाही बरतने वाले सम्बन्धित डीलरों को तीन बार शोकॉज किया जाएगा, इसके बाद भी सुधार न होने पर निलम्बन कर दिया जाएगा।





