Search

March 21, 2026 1:11 am

राधा गोविंद विश्वविद्यालय में भव्य पुस्तक विमोचन समारोह संपन्न, अर्जुन मुंडा रहे मुख्य अतिथि

रामगढ़, 21 अप्रैल 2025: राधा गोविंद विश्वविद्यालय, रामगढ़ के ऑडिटोरियम हॉल में सोमवार को डॉ. संजय प्रसाद सिंह द्वारा लिखित पुस्तक ‘संस्कृति-संस्कार के सुपथ’ का भव्य विमोचन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह ने की।

मुख्य अतिथि अर्जुन मुंडा ने अपने संबोधन में कहा कि “पुस्तक विमोचन कार्यक्रम भले छोटा हो, लेकिन उसका उद्देश्य अत्यंत व्यापक होता है। उद्देश्य और लक्ष्य जीवन के महत्वपूर्ण पहलू होते हैं।” उन्होंने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि यह न केवल ज्ञानवर्धक है, बल्कि सोचने की प्रेरणा भी देती है। “शब्द भुला दिए जाते हैं, पर भावनाएं शाश्वत रहती हैं,” उन्होंने जोड़ा।

कुलाधिपति बी. एन. साह ने पुस्तक की प्रशंसा करते हुए कहा, “ज्ञान की शक्ति से ही राष्ट्र का निर्माण होता है और पुस्तक इस शक्ति का मूल स्रोत है। यह कृति समाज को नई दिशा प्रदान करेगी।” उन्होंने लेखक के समर्पण और लगन की सराहना की।

कार्यक्रम में चतरा सांसद कालीचरण सिंह, पूर्व सांसद प्रो. (डॉ.) यदुनाथ पाण्डेय, समाजसेवी तिलक राज मंगलम, विश्वविद्यालय की सचिव सुश्री प्रियंका कुमारी, प्रति कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल समेत कई विशिष्ट अतिथि मौजूद थे।

समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके पश्चात कुलसचिव डॉ. निर्मल कुमार मंडल ने स्वागत भाषण दिया। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा झारखंड की लोकसंस्कृति पर आधारित गीत, नृत्य एवं संगीत प्रस्तुतियाँ समारोह का विशेष आकर्षण रहीं।

पूर्व सांसद प्रो. यदुनाथ पाण्डेय ने भारत की सांस्कृतिक विरासत की चर्चा करते हुए कहा कि “भारत संस्कारों का देश है और यह पुस्तक विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगी।” वहीं समाजसेवी तिलक राज मंगलम ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. रंजना पांडेय और डॉ. अमरेश पांडेय ने किया। समापन अवसर पर लेखक डॉ. संजय प्रसाद सिंह ने सभी अतिथियों एवं विश्वविद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अनेक अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षकगण, सैकड़ों छात्र-छात्राएं तथा बुद्धिजीवी वर्ग उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से विजय जायसवाल, दिलीप सिंह, प्रवीण मेहता, सी. पी. सनतन, प्रो. आलोक कुमार, मनोज मंडल, अनुपमा सिंह, कृति गौरव, पंकज सिंह, अमरेंद्र गुप्ता, व राजेंद्र कुशवाहा सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल थे।

img 20250421 wa00284408162139556718232
img 20250421 wa00242865180296339361114

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर