Search

March 15, 2026 5:02 am

हिरणपुर में ₹6.45 लाख की लूट का खुलासा, दो कुख्यात अपराधी गिरफ्तार

गोवा से दबोचा गया फरार लुटेरा, एसडीपीओ ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी

बजरंग पंडित पाकुड़।

पाकुड़। हिरणपुर थाना क्षेत्र के आसनजोला गांव में 29 मई 2025 को ₹6,45,000 की लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पाकुड़ दयानंद आजाद ने शनिवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। इस दौरान हिरणपुर थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह भी मौजूद थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले के पाईकर थाना क्षेत्र निवासी केताबुल मल्लिक, पिता बासीरुद्दीन मल्लिक, 29 मई को मोटरसाइकिल से ₹6,45,000 नकद लेकर जा रहे थे। उसी दौरान आसनजोला के पास मास्क पहने अपराधियों ने उन्हें रिवॉल्वर दिखाकर बैग छीन लिया और फरार हो गए। इस संबंध में हिरणपुर थाना कांड संख्या 56/2025, दिनांक 30.05.2025 को भारतीय न्याय संहिता 2022 की धारा 309(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

घटना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह द्वारा एक विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। वादी और गवाहों के बयान, घटनास्थल का निरीक्षण तथा तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 13 जून को पाकुड़ बस स्टैंड से गुलाब साहा उर्फ गुलाब चंद्र साहा, पिता बैजनाथ साहा, निवासी देवपुर, थाना हिरणपुर को गिरफ्तार किया। वहीं दूसरे आरोपी करण मंडल उर्फ करण कुमार मंडल, पिता स्व. सुनील मंडल, निवासी गोपालपुर, थाना हिरणपुर को गोवा से हिरासत में लाकर पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। गुलाब साहा से ₹15,000 नगद और करण मंडल से ₹10,000 नगद के साथ-साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (नंबर JH01-6C-5159) बरामद की गई।

गिरफ्तार गुलाब साहा के खिलाफ पूर्व में हिरणपुर थाना कांड संख्या 73/24 दर्ज है। वहीं करण मंडल के खिलाफ विभिन्न थानों में कुल आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें डकैती, आपराधिक षड्यंत्र, आर्म्स एक्ट आदि शामिल हैं।

कांड के उद्भेदन में थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह, पृ.अ.नि. गौरीशंकर प्रसाद, पु.अ.नि. गोपाल कुमार महतो, पु.अ.नि. गौतम कुमार, स.अ.नि. दिलीप कुमार, स.अ.नि. किशोर कुमार टुडू, स.अ.नि. हरेराम यादव, स.अ.नि. गोविंद कुमार साह एवं आ-42 श्यामसुंदर यादव की सराहनीय भूमिका रही।

एसडीपीओ दयानंद आजाद ने प्रेस वार्ता में कहा, “घटना बेहद चुनौतीपूर्ण थी। लेकिन टीम ने सतर्कता और रणनीति के साथ काम करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और कांड का खुलासा किया। अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”

हिरणपुर थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने कहा, “कांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है। पुलिस की सघन जांच और तत्परता के चलते यह सफलता मिली है। अपराध पर सख्ती से नकेल कसी जाएगी।”

img 20250614 wa00154706800796356135266
img 20250614 wa00256888584901979755590

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर