पाकुड़: जिले के लिट्टीपाड़ा, महेशपुर, पाकुड़िया, हिरणपुर और अमरापाड़ा प्रखंडों में बुधवार को संविधान दिवस पर विभिन्न सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और थाना परिसरों में सामूहिक प्रस्तावना पाठ, शपथ ग्रहण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी जगह अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
लिट्टीपाड़ा में सामूहिक प्रस्तावना पाठ।
लिट्टीपाड़ा प्रखंड, अंचल और बाल विकास परियोजना कार्यालय के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की वार्डेन, शिक्षिकाओं और छात्राओं के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रखंड परिसर में बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि संविधान लोकतांत्रिक भारत की आत्मा है और इसके मूल्यों का प्रसार आवश्यक है। मौके पर संविधान आधारित क्विज का भी आयोजन किया गया।

महेशपुर में कर्मियों ने ली संविधान की शपथ।
महेशपुर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव ने सभी कर्मियों को संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व ही ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की दिशा तय करते हैं। कार्यक्रम में सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता सहित कई कर्मी उपस्थित रहे।

पाकुड़िया में प्रस्तावना पाठ व संविधान रक्षा की प्रतिज्ञा।
पाकुड़िया थाना परिसर में एसआई नागेंद्र कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया और संविधान की रक्षा का संकल्प दिलाया। एसआई नागेंद्र कुमार ने कहा कि जनता में संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना पुलिस की जिम्मेदारी है। इधर प्रखंड कार्यालय में भी बीडीओ सोमनाथ बनर्जी की उपस्थिति में संविधान दिवस पर सामूहिक शपथ ग्रहण किया गया।

जिले के सभी थानों में शपथ कार्यक्रम संविधान दिवस पर महेशपुर, पाकुड़िया, हिरणपुर और अमरापाड़ा थाना प्रभारियों के नेतृत्व में सभी थानों में शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिसकर्मियों ने सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता तथा अवसर की समता बनाए रखने की शपथ ली








