Search

October 8, 2026 4:03 pm

राशन दुकान पर फायरिंग करने वाले गैंग का ‘गेम ओवर’, अगली डकैती से पहले एसआईटी ने चार को दबोचा

महुलपहाड़ी कांड के पांच दिन बाद बड़ी कार्रवाई; पिस्टल, दो कट्टा, सात गोलियां और बाइक बरामद, दो आरोपी अंधेरे में फरार।

पाकुड़। महुलपहाड़ी में राशन दुकान पर फायरिंग कर लूट की कोशिश करने वाले अपराधियों को पुलिस ने अगली वारदात से पहले ही दबोच लिया। एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर गठित एसआईटी ने महज पांच दिनों में कांड का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी आंगनगड़िया में एक और डकैती की प्लानिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।

मैदान में चल रही थी डकैती की तैयारी, पहुंच गई पुलिस

दो अक्टूबर की रात महुलपहाड़ी स्थित राशन दुकान में 5-6 अपराधियों ने फायरिंग करते हुए लूट का प्रयास किया था। घटना के बाद एसपी ने महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल/एसआईटी गठित किया। टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ सूचना तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि बंगाल सीमा से सटे आंगनगड़िया गांव के फुटबॉल मैदान में कुछ अपराधी डकैती की योजना बना रहे हैं। एसआईटी ने तत्काल घेराबंदी की और चार आरोपियों को दबोच लिया।

हथियारों का जखीरा, बाइक भी बरामद

तलाशी में एक पिस्टल, दो देसी कट्टा, सात जिंदा गोलियां, तीन मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त अपाची बाइक (WB-46F-7762) बरामद हुई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने महुलपहाड़ी राशन दुकान की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपियों में कोलेश हांसदा (22), हेमलाल हेम्ब्रम (20), रामरंजन महतो (20) और सियान महतो (19) शामिल हैं। इनमें कोलेश हांसदा के खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

एक वारदात का खुलासा, दूसरी होने से पहले रोकी

एसआईटी की कार्रवाई से महुलपहाड़ी लूटकांड का खुलासा होने के साथ ही पुलिस ने एक और संभावित डकैती को अंजाम तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया। फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
एसआईटी की त्वरित कार्रवाई पर एसपी अनुदीप सिंह ने टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारियों को दो हजार और पुलिसकर्मियों को एक हजार नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

IMG 20261008 WA0008
IMG 20261008 WA0007

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!