Search

February 22, 2026 10:42 am

उपायुक्त ने दी नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं, कहा— सुरक्षा, अनुशासन और विकास के साथ करें नए साल का स्वागत

नववर्ष मंगलमय, सुरक्षित एवं विकासपूर्ण हो, उपायुक्त।

उपायुक्त मनीष कुमार ने समस्त जिलेवासियों को नववर्ष 2026 की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कामना की कि नया वर्ष जिले के प्रत्येक नागरिक और उनके परिवार के लिए सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए। उपायुक्त ने संदेश में कहा कि नववर्ष को सभी लोग अपने परिवार एवं प्रियजनों के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा जीवन में योगदान देने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति कृतज्ञता का भाव रखें। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि पर्यटन स्थलों पर भ्रमण के दौरान विशेष सतर्कता बरतें तथा सुरक्षा मानकों का पालन अवश्य करें। उपायुक्त ने कहा कि इस वर्ष ठंड एवं शीतलहर की तीव्रता को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न स्थानों पर अलाव सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। फिर भी आमजन से आग्रह है कि वे स्वयं भी ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त सावधानी बरतें। उन्होंने लोगों से नशा एवं मादक पदार्थों से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ढंग से वाहन चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश में जिला प्रशासन नए वर्ष में पाकुड़ जिले को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं विकास के सभी क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। विशेष रूप से शिक्षा के क्षेत्र में प्रारंभ की गई सकारात्मक पहल को जनसहयोग से और अधिक सशक्त किया जाएगा। उपायुक्त ने जिलेवासियों को तकनीकी सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि नए वर्ष में APK और PIC फाइलों को डाउनलोड या फॉरवर्ड करते समय अत्यंत सतर्क रहें। ऐसे फाइलें कभी-कभी साइबर सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती हैं। इसलिए किसी भी फाइल को डाउनलोड या साझा करने से पहले उसकी विश्वसनीयता और स्रोत की पुष्टि अवश्य करें। अंत में उपायुक्त ने कहा कि नववर्ष 2026 पूरे पाकुड़ जिले के लिए खुशियां, शांति एवं प्रगति लेकर आए। सभी नागरिक जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ नववर्ष का स्वागत करें। उन्होंने एक बार पुनः समस्त जिलेवासियों को नववर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर