पाकुड़। जिले में लगातार बढ़ रही ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। उपायुक्त मनीष कुमार के निर्देश पर जिलेभर में जरूरतमंद, वृद्ध, निराश्रित और असहाय लोगों के बीच लगातार कंबल का वितरण किया जा रहा है, ताकि ठंड के कारण किसी को परेशानी न झेलनी पड़े।
प्रशासन की ओर से सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और नगर परिषद के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाकर जरूरतमंदों तक कंबल पहुंचा रहे हैं। शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों में सार्वजनिक स्थलों, आश्रय गृहों, प्रमुख चौक-चौराहों और चिन्हित बस्तियों में विशेष रूप से वितरण किया जा रहा है।
ठंड से राहत के लिए जिला प्रशासन ने कई जगहों पर शाम के समय अलाव की भी व्यवस्था की है, जिससे राहगीरों और खुले में रहने वाले लोगों को राहत मिल सके। इस संबंध में उपायुक्त मनीष कुमार ने आम लोगों से ठंड को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी लोग गर्म और ऊनी कपड़ों का उपयोग करें, अनावश्यक रूप से ठंड में बाहर निकलने से बचें और बुजुर्गों, बच्चों व बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि शीतलहर से बचाव के लिए प्रशासन हर स्तर पर आवश्यक व्यवस्था कर रहा है और जरूरतमंदों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। जिले में ठंड के बीच प्रशासन की इस सक्रियता से जरूरतमंद लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।







