Search

March 1, 2026 4:16 am

उपायुक्त का निर्देश, कड़ाके की ठंड में नौनिहालों की सुरक्षा के लिए 4 दिन बंद रहेंगे आंगनबाड़ी केंद्र।

पाकुड़ | जिले में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए प्रशासन ने नौनिहालों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र 1 जनवरी से 4 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगे। यह निर्णय महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग, झारखंड सरकार के निर्देश के आलोक में लिया गया है। आंगनबाड़ी केंद्रों में 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों को शाला-पूर्व शिक्षा के साथ गर्म पका हुआ भोजन दिया जाता है। अत्यधिक ठंड में बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव की आशंका को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। हालांकि, केंद्र बंद रहने के बावजूद बच्चों के पोषण में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि NFSA-2013 के तहत बच्चों को पूरक पोषाहार नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तक भी पोषाहार की समयबद्ध और सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। संबंधित पदाधिकारियों और आंगनबाड़ी सेविकाओं को इस व्यवस्था की कड़ाई से निगरानी करने को कहा गया है। जिला प्रशासन ने कहा है कि बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा को लेकर वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है और मौसम की परिस्थितियों के अनुसार आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर