Search

March 3, 2026 11:24 am

मनरेगा योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने पहुंचे डीसी, बिरसा हरित ग्राम योजना का किया निरीक्षण।

पौधों की सुरक्षा के लिए मजबूत घेराव और अधूरी संरचनाओं को जल्द पूरा करने का निर्देश।

पाकुड़ | ग्रामीण विकास योजनाओं को जमीन पर प्रभावी बनाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त मनीष कुमार ने शनिवार को पाकुड़ प्रखंड के नरोत्तमपुर पंचायत अंतर्गत बिरगोपालपुर गांव का दौरा किया। यहां उन्होंने मनरेगा के तहत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना का स्थल निरीक्षण किया। यह योजना लाभुक मुस्ताक विश्वास की एक एकड़ भूमि पर संचालित है। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पौधों की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्यों की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पौधों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए चारों ओर मजबूत और समुचित घेराव सुनिश्चित किया जाए, ताकि पशुओं या अन्य कारणों से पौधों को नुकसान न पहुंचे। उपायुक्त ने नई और पूर्व से संचालित योजनाओं में प्राक्कलन के अनुरूप सीआईबी/सूचना बोर्ड, नाडेप खाद संरचना और जलकुंड के निर्माण को अनिवार्य रूप से पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने मिश्रित खेती को बढ़ावा देने और बागवानी योजनाओं के किनारे इमारती पौधों के रोपण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मनरेगा केवल रोजगार सृजन की योजना नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, हरियाली विस्तार और ग्रामीण आजीविका सुदृढ़ीकरण का भी सशक्त माध्यम है। सभी निर्माण कार्यों को तय मानकों के अनुसार और समयसीमा में पूरा किया जाना चाहिए। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को सख्त निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ ग्रामीणों तक पहुंच सके।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर