Search

September 16, 2026 8:16 pm

अपराध पर एसपी का सख्त एक्शन प्लान, थानों को 50% वारंट-कुर्की निष्पादन का लक्ष्य

त्योहारों में संवेदनशील इलाकों पर कड़ी नजर, सड़क हादसे रोकने रोज बदलेंगे चेकिंग के स्थान; अवैध पत्थर-कोयला-बालू और नशे पर जीरो टॉलरेंस।

पाकुड़। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय के सभागार में अगस्त माह की मासिक अपराध गोष्ठी हुई। बैठक में लंबित कांडों के निष्पादन से लेकर त्योहारों के दौरान सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, अवैध खनन और मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए। एसपी ने गणेश चतुर्थी के मूर्ति विसर्जन और आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। असामाजिक तत्वों पर निगरानी के साथ संवेदनशील स्थानों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया गया।

94 दर्ज, 124 कांडों का निष्पादन

अगस्त माह की अपराध समीक्षा में जिले में कुल 94 कांड दर्ज होने की जानकारी सामने आई, जबकि पुलिस ने 124 कांडों का निष्पादन किया। एसपी ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया। POCSO से जुड़े मामलों को निर्धारित समय सीमा में निपटाने तथा IT Act और NDPS Act के मामलों में जांच की गति बढ़ाने को कहा गया। लंबित वारंट और कुर्की के मामलों में 50 प्रतिशत निष्पादन का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया।

सड़क हादसों पर लगाम, रोज बदलेगा चेकिंग का स्थान

बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर पुलिस और परिवहन विभाग को समन्वय के साथ नियमित वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। जांच के दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, वाहन रजिस्ट्रेशन और इंश्योरेंस की जांच होगी। ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ भी अभियान चलाकर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करने को कहा गया। सड़क दुर्घटना से जुड़े मामलों की e-DAR में प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश अनुसंधानकर्ताओं को दिया गया।

चोरी-लूट रोकने गश्ती बढ़ाने के निर्देश

पिछले पांच वर्षों में संपत्ति संबंधी अपराधों में सक्रिय या दोषसिद्ध अपराधियों पर निगरानी बढ़ाने के लिए उनके नाम सीसीए, निगरानी पंजी और गुंडा पंजी में दर्ज कराने का प्रस्ताव भेजने को कहा गया। चोरी, लूट, डकैती और गृहभेदन जैसी घटनाओं पर अंकुश के लिए नियमित गश्ती और सघन जांच अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया।

शिकायतकर्ताओं और महिलाओं की शिकायतें शालीनता से सुनें

एसपी ने थाना-ओपी में आने वाले शिकायतकर्ताओं और महिलाओं के साथ अनावश्यक परेशानी नहीं करने तथा उनकी समस्याएं शालीनता से सुनकर विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सड़क सुरक्षा, डायल-112, साइबर अपराध, मानव तस्करी, नशामुक्ति, महिला अत्याचार, डायन प्रथा और बाल विवाह जैसी सामाजिक समस्याओं को लेकर स्कूल-कॉलेज, हाट-बाजार एवं सार्वजनिक स्थानों पर नियमित जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया। महिला थाना प्रभारी को प्रत्येक सप्ताह स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम करने का निर्देश दिया गया।

अवैध खनन और नशे पर जीरो टॉलरेंस

एसपी ने अवैध पत्थर, कोयला और बालू के उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ जिला खनन टास्क फोर्स के साथ समन्वय कर लगातार छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए निरंतर कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अलावा लंबित चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट और परिवाद पत्रों का त्वरित निष्पादन करने का भी निर्देश दिया गया।

image editor output image 2062236114 17895680067025923376966135010836
img 20260916 wa00165469419089879503638

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!