Search

March 3, 2026 9:16 am

किताबों से जुड़ेगा पाकुड़, हर रविवार वीआईपी रोड पर खुलेगा ज्ञान का दरवाज़ा।

वीआईपी रोड बना ‘रीडिंग हब’

पाकुड़। जिले में पढ़ने की संस्कृति को दोबारा मजबूत करने की दिशा में जिला प्रशासन ने ठोस पहल की है। वीआईपी रोड स्थित सिदो–कान्हू पार्क के पास पुस्तक प्रदर्शनी लगाकर युवाओं और आम लोगों को किताबों से जोड़ने की कोशिश शुरू की गई है। अब यह बुक स्टॉल हर रविवार नियमित रूप से लगेगा, जहां निःशुल्क पठन की सुविधा मिलेगी। उपायुक्त मनीष कुमार ने प्रदर्शनी का निरीक्षण कर इसे समय की जरूरत बताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में किताबों से दूर होती पीढ़ी को फिर से पढ़ने की आदत से जोड़ना जरूरी है। किताबें ज्ञान के साथ व्यक्तित्व, सोच और मूल्यों को भी मजबूत बनाती हैं। प्रदर्शनी के साथ ही जिले में रीडिंग क्लब के गठन की घोषणा की गई है। यह क्लब साहित्य प्रेमियों को एक साझा मंच देगा, जहां किताबों, लेखकों और विचारों पर खुली चर्चा होगी। प्रशासन का मानना है कि इससे युवाओं में रीडिंग हैबिट बढ़ेगी और सकारात्मक संवाद की संस्कृति विकसित होगी। कृषि उत्पादन बाजार समिति के पणन सचिव संजय कच्छप ने बताया कि लोगों, खासकर युवाओं की बढ़ती रुचि को देखते हुए बुक स्टॉल को हर रविवार नियमित किया गया है। आगे की योजना के तहत मोबाइल लाइब्रेरी के जरिए जिले के सभी प्रखंडों तक किताबें पहुंचाई जाएंगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी इस पहल से जुड़ सकें। कुल मिलाकर, पाकुड़ में शुरू हुई यह पहल जिले को ज्ञान और पढ़ने की संस्कृति से जोड़ने की मजबूत नींव रखती नजर आ रही है।

img 20260105 wa00294317135362270797864
img 20260105 wa00281876520235472927653

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर